खंडूड़ी का जीवन राष्ट्रसेवा और अनुशासित राजनीति की मिसाल : बिट्टा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूडी को याद करते हुए अखिल भारतीय आतंकवाद विरोधी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने कहा कि खंडूडी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा दायक है। कहा कि उनका व्यक्तित्व देश भक्ति, विकास और जनसेवा का अद्वितीय संगम था। उन्होंने कहा कि खंडूड़ी के योगदान को आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी।
दुर्गापुरी स्थित एक बारातघर में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने स्व. खंडूड़ी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर बिट्टा ने कहा कि पहाड़ के साधारण परिवेश से निकलकर खंडूड़ी ने सेना और राजनीति दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय पहचान बनाई। केंद्र सरकार में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री के रूप में उन्होंने देश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद खंडूड़ी ने देश के विभिन्न राज्यों और दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ने का कार्य किया। आज इन्हीं सड़कों के कारण विकास गतिविधियों के साथ-साथ सेना की रणनीतिक आवाजाही भी तेज और प्रभावी हो सकी है। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने अपने पिता को याद करते हुए कहा कि उन्होंने उनसे राष्ट्रहित, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की सीख प्राप्त की। उन्होंने बताया कि सेना में सेवा के दौरान उनके पिता का अधिकांश समय देश को समर्पित रहा। 1971 के युद्ध के बाद जब वे घर लौटे तो उनके छोटे भाई ने उन्हें पहचान तक नहीं पाया था। यह सैनिक परिवारों के त्याग और संघर्ष का एक भावनात्मक उदाहरण है। ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि सैनिकों के परिवार भी देशसेवा की इस यात्रा में अनेक कठिनाइयों का सामना करते हैं। युद्धकाल में परिवारों की चिंता और जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं। ऐसे समय में उनकी माता सैनिक परिवारों और वीर नारियों का हौसला बढ़ाने का कार्य करती थीं। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि वे अपने पिता के आदर्शों और मूल्यों पर चलकर जनसेवा करती रहेंगी। इस दौरान भुवन चंद्र खंडूड़ी के पुत्र मनीष खंडूड़ी ने भी उनके जीवन और कार्यों को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विपिन कैथोला, जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, कर्नल अजय कोठियाल, महापौर शैलेंद्र सिंह रावत, सुमन कोटनाला, अमित भारद्वाज, गौरव जोशी, राजेंद्र जजेड़ी, अमिताभ अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *