जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पब्लिक इंटर कॉलेज सुरखेत में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने पोस्टर प्रतियोगिता में भाग लेने के साथ ही फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
विद्यालय की यूथ क्लब, ईको क्लब, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) तथा यूसर्क विज्ञान चेतना केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने विद्यालय स्थित अमृत उद्यान वाटिका की साफ-सफाई की और फलदार पौधे लगाकर हरित वातावरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं राष्ट्रीय सेवा योजना माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मंडल प्रकोष्ठ, पौड़ी के कार्यक्रम समन्वयक पुष्कर सिंह नेगी ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि इसकी शुरुआत वर्ष 1972 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा की गई थी। इस अवसर पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी, जल एवं विद्युत संरक्षण, स्वच्छ पर्यावरण तथा जंगलों को वनाग्नि से सुरक्षित रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आकर्षक संदेश प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में आदर्श, आदित्य, अर्नव, समय, रोहन, मयंक चौहान, शुभम, नमन, हर्षित, अभिलाषा, अमृता, गुंजन, सानिया और सोनाक्षी सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। विद्यालय परिवार ने पर्यावरण संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प भी लिया।