जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर क्षेत्रभर में विभिन्न सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों और वन विभाग की ओर से पौध रोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाए गए। इस दौरान लोगों को पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी ने पौधा रोपण करते हुए लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। कहा कि भविष्य को बचाने के लिए हमें पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने युवाओें को अधिक से अधिक पौधा रोपण के लिए जागरूक किया। वहीं, पूर्व सैनिक संघर्ष समिति ने खोह नदी तट पर पौध रोपण के साथ स्वच्छता अभियान भी चलाया। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि नदी किनारों पर बढ़ते भू-कटाव को रोकने के लिए बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण आवश्यक है। अभियान के तहत पीपल, नीम, शीशम, बांस, आम, अमरूद और कचनार सहित 30 पौधे लगाए गए। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भुवन चंद्र खंडूड़ी की स्मृति में भी एक नीम का पौधा रोपा गया। कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह रावत सहित अन्य पूर्व सैनिक मौजूद रहे। हेमनदास सरस्वती शिशु मंदिर, जानकीनगर में भी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विद्यालय परिसर में पौधे लगाए। इस अवसर पर बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व तथा वृक्षों की उपयोगिता की जानकारी दी गई।