बारिश की फुहारों से मिली राहत, जल भराव ने खोली सफाई व्यवस्था की पोल

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी और उमस के बीच शुक्रवार को हुई बारिश ने शहरवासियों को बड़ी राहत दी। मौसम में आए बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने लंबे समय बाद ठंडी हवाओं का आनंद लिया। हालांकि, हल्की बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए।
पिछले सप्ताह से क्षेत्र में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा था। दो दिन पूर्व तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से जनजीवन प्रभावित हो गया था। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो गई थी और लोग घरों में रहने को मजबूर थे। उमस के कारण हालात और भी चुनौतीपूर्ण बने हुए थे। शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में घने बादल छाने के बाद बूंदाबांदी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में तेज बारिश में बदल गई। करीब आधे घंटे तक हुई वर्षा ने वातावरण को पूरी तरह बदल दिया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए कई लोग आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों की ओर भी निकल पड़े। दूसरी ओर, बारिश ने नगर क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था की कमियों को भी उजागर कर दिया। देवी रोड समेत कई इलाकों में पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अभी यह स्थिति है तो मानसून के दौरान जलभराव की समस्या और गंभीर रूप ले सकती है। नागरिकों ने नगर निगम से नालों और जल निकासी तंत्र की समय रहते प्रभावी सफाई कराने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *