Uncategorizedबिग ब्रेकिंग

कोटद्वार विधानसभा: दैनिक जयन्त के तीखे सवाल- आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी अरविन्द वर्मा के जवाब मैने ठेली पर बर्तन धोए, रिक्शा चलाया तब वकील बना, आम आदमी हूं इसलिए आम आदमी पार्टी ने प्रत्याशी बनाया: आप प्रत्याशी अरविन्द वर्मा

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

प्रश्न – आम आदमी पार्टी दिल्ली के बाद अब उत्तराखंड में भी पैर जमाने की कोशिश कर रही है। पार्टी ने प्रदेश की विभिन्न विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारें हैं, लेकिन कई जगह आम आदमी पार्टी के कार्यकत्र्ता नाराज नजर आ रहे हैं। अभी कुछ दिन पहले ही पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष मेजर जनरल (सेनि.) डॉ. चंद्रकिशोर जखमोला ने पार्टी से इस्तीफा दिया है। उनका आरोप है कि आम आदमी पार्टी मुफ्त के सपने दिखाकर प्रदेश की जनता को गुमराह व बर्बाद कर रही है।
उत्तर – मेजर जनरल (सेनि.) डॉ. चंद्रकिशोर जखमोला सर्जन हैं और उन्हें कई जगह जाना पड़ता है। वह काफी व्यस्त रहते हैं और उम्र भी उनकी काफी हो गई है। शायद यही वजह है कि उन्होंने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दिया है। रही बात मुफ्त के सपने दिखाने की तो कांग्रेस भी अब 100 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वायदा कर रही है। इससे साफ जाहिर होता है कि सभी पार्टियां आम आदमी पार्टी की नकल कर रही हैं। इसमें मुफ्त के सपने जैसा कुछ नहीं है, जो वायदे आम आदमी पार्टी कर रही है उन्हें जरूर पूरा किया जाएगा।

प्रश्न- जिस तरह से कार्यकत्र्ता आम आदमी पार्टी का साथ छोड़ रहे हैं उसे देखते हुए बिखरती चुनावी रणनीति को किस प्रकार संभालने का काम कर रही है आम आदमी पार्टी।
उत्तर- ऐसा नहीं है, आम आदमी पार्टी के कार्यकत्र्ता पार्टी के लिए समर्पित हैं। एक-दो कार्यकत्र्ता अगर पार्टी छोड़ते भी हैं तो यह कोई बड़ी बात नहीं है। क्योंकि भाजपा-कांग्रेस में भी लगातार कार्यकत्र्ता पार्टियां छोड़ दूसरे दल का हाथ थाम रहे हैं।

प्रश्न- आम आदमी पार्टी पर आरोप है कि उनके पास उत्तराखंड के विकास का कोई विजन नहीं है। पार्टी किस तरह कोटद्वार और उत्तराखंड का विकास करना चाहती है।
उत्तर- मैने बहुत पास से गरीबी देखी है। एक टाइम भूखा रहकर पढ़ाई की है। अखबार बेचे, रिक्शा चलाई। इसलिए मैं गरीबों का दर्द जानता हूं और यह भी जानता हूं कि गरीबी को सिर्फ शिक्षा से ही दूर किया जा सकता है। इसलिए मैं सबसे पहले कोटद्वार विधानसभा में शिक्षा को मजबूत करूंगा। साथ ही ऐसी व्यवस्था लाई जाएगी जिससे बेहतर से बेहतर शिक्षा आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को भी आसानी से मिल सके। इसके अलावा, गोखले मार्ग पर फड़ लगाने वालों के लिए उचित व्यवस्था की जाएगी। जिससे उन्हें भी रोजगार मिले और नगर निगम को भी मामूली से शुल्क के रूप में आमदनी हो सके। वहीं युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर तलाशे जाएंगे।

प्रश्न- यदि अरविंद वर्मा कोटद्वार विधानसभा से जीत जाते हैं तो विधायक के तौर पर वह कोटद्वार के लिए ऐसा क्या करेंगे, जो आज तक के विधायकों ने नहीं किया और जिसे सालों तक याद रखा जाएगा।
उत्तर- मैं एक विधायक के तौर पर मिलने वाले सारे मानदेय को शिक्षा के क्षेत्र में खर्च करूंगा। साथ ही कोटद्वार को नशा मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त बनाऊंगा।

प्रश्न- भाजपा-कांग्रेस जैसी पार्टियों से मुकाबला करने के लिए क्या चुनावी रणनीति बनाई है आम आदमी पार्टी ने।
उत्तर- हमने विकास के लिए ऐसा रोडमैप बनाया है कि भाजपा-कांग्रेस ऐसा सोच भी नहीं सकती है। हम 300 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे, छह माह के अंदर एक लाख युवाओं को नौकरी, जब तक नौकरी नहीं मिलती तब तक कोचिंग के लिए पांच हजार रुपये प्रतिमाह देंगे। साथ ही नगर निगम को समाप्त करने और कोटद्वार को जिला बनाने के लिए पूरा प्लान बनाया है।

प्रश्न- क्या कोई स्टार प्रचारक कोटद्वार विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी को मजबूती देगा।
उत्तर- आम आदमी पार्टी पहले से ही काफी मजबूत है। फिर भी यहां स्टार प्रचारक जरूर आएंगे, वैसे भी आम आदमी पार्टी का हर एक कार्यकत्र्ता स्टार प्रचारक है।

प्रश्न- आम आदमी पार्टी को ऐसा क्यों लगता है कि जनता को उन्हें चुनना चाहिए, जो काम भाजपा-कांग्रेस नहीं कर पाए उसे आम आदमी पार्टी पूरा कर पाएगी।
उत्तर- कोटद्वार में आज तक जो भी विधायक बने उन्होंने यहां के विकास के लिए कुछ नहीं किया। कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह नेगी जी अपनी दो उपलब्धियां गिनवा दें। वहीं भाजपा प्रत्याशी बहन ऋतु खंडूड़ी ने अगर यमकेश्वर विधायक रहते हुए विकास कार्य किए होते तो उन्हें वहां से कोटद्वार में पैराशूट प्रत्याशी के तौर पर नहीं उतारा जाता। दोनों ही प्रत्याशियों के पास विकास का कोई विजन नहीं है। इसीलिए आम आदमी पार्टी को लगता है कि जनता को उन्हें चुनना चाहिए।

प्रश्न- जनता आम आदमी पार्टी से कितनी प्रभावित हो रही है।
उत्तर- जनता आम आदमी पार्टी से पूरी तरह से प्रभावित है। पार्टी के विकास के विजन से संतुष्ट है और लगातार पार्टी से जुड़ रही है।

प्रश्न- आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी अरविंद वर्मा पर आरोप है कि वह खुद को गरीब व रिक्शा चलाने वाला बताकर जनता को भ्रमित कर रहे हैं और इमोशनल कार्ड खेल रहे हैं।
उत्तर- ऐसा नहीं है, मैं खुली किताब हूं। कोटद्वार की जनता जानती है कि मैने कितना संघर्ष किया है। मैने ठेले पर बर्तन धोए हैं और रिक्शा चलाया है। आज भी मैं रिक्शा चला सकता हूं।

प्रश्न- कितना विश्वास है कि आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी अरविंद वर्मा विधायक चुनकर आएंगे।
उत्तर- 110 प्रतिशत विश्वास है कि इस बार जनता आम आदमी पार्टी को ही मत के रूप में अपना आशीर्वाद देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!