जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग पर निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू नहीं किए जाने पर उत्तराखंड क्रांति दल ने रोष जताया है। दल ने कहा कि वर्षाकाल में मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे इस पर आवागमन करना मुश्किल हो गया है। यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग को लेकर दल ने लैंसडौन वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी गौरव वर्मा को ज्ञापन सौंपा।

दल के केंद्रीय प्रचार सचिव उम्मेद सिंह भंडारी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डीएफओ से मुलाकात की। ज्ञापन में लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग का निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू कराने सहित विभिन्न मांगें उठाई गईं। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल के दौरान मार्ग की स्थिति बेहद खराब हो गई है। नदी पर बने रपटे क्षतिग्रस्त होकर बह गए हैं, जबकि मोटर मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दल ने यातायात को सुगम बनाने के लिए मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। इसके अलावा वन विभाग की ओर से बनाई गई सुरक्षा दीवारों पर एंगल के माध्यम से कंटीले तार लगाने और हाथियों को आबादी क्षेत्र में आने से रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग भी की गई। इस मौके पर रवींद्र सौंध और हरीश ध्यानी मौजूद रहे।