गंगा दशहरे पर लाखों श्रद्घालुओं ने किया गंगा स्नान

Spread the love

 

हरिद्वार। गंगा दशहरा स्नान पर्व पर देश के विभिन्न राज्यों से आए लाखों श्रद्घालुओं ने हरकी पैड़ी सहित विभिन्न घाटों पर गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। स्नान के उपरांत श्रद्घालुओं ने सूर्य को अर्ध्य देकर व दान पुण्य कर परिवारों के लिए मंगलकामना की। गंगा दशहरा स्नान के लिए एक दिन पूर्व ही लाखों श्रद्घालु धर्मनगरी पहुंच गए थे। ब्रह्म मुर्हत में शुरू हुआ स्नान का सिलसिला दिन भर चलता रहा। स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस व प्रशासन ने पूरे मेला क्षेत्र को 4 सुपर जोन, 16 जोन व 37 सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा व यातायात के प्रबंध लागू किए थे। जिला अधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वयं मेला क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व यातायात प्रबंधों का जायजा लेते रहे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हरकी पैड़ी क्षेत्र में बैरिकेडिंग लगाने के साथ हरकी पैड़ी सहित सभी घाटों की निगरानी के लिए ड्रोन की तैनाती की गयी थी।
कोरोना के चलते लगातार दो वर्षो तक स्नान पर्वो पर प्रतिबंध रहा। इस वर्ष कोरोना से राहत मिलने पर सभी स्नान पर्वो पर श्रद्घालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। सोमवती अमावस्या के बाद गंगा दशहरा स्नान के लिए भी लाखों श्रद्घालु हरिद्वार पहुंचे। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार पच्चीस लाख से अधिक श्रद्घालुओं ने गंगा दशहरा स्नान किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *