लॉर्ड्स टेस्ट: स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर ने जड़े अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े

Spread the love

नईदिल्ली, लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर चल रहे ऐतिहासिक एकमात्र टेस्ट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर (58) और उपकप्तान स्मृति मंधाना (83) ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेली। इंग्लैंड के खिलाफ इस मुकाबले में टीम को शुरुआती झटके लगे थे। इन दोनों अनुभवी खिलाड़ियों ने टीम की पारी संभाली। मंधाना के टेस्ट करियर का यह चौथा और हरमनप्रीत के करियर का दूसरा पचासा रहा। ऐसे में आइए दोनो खिलाड़ियों की पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
मंधाना ने 108 गेंदों का सामना किया और 83 रन बनाकर इसी वोंग की गेंद पर आउट हुईं। उनके बल्ले से 11 चौके और एक छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 76.85 की रही। वहीं, हरमनप्रीत ने 121 गेंदों का सामना किया और 58 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। उन्हें मैडी विलियर्स ने आउट किया। इन दोनों खिलाड़ियों के बीच 155 गेंदों में 89 रन की साझेदारी हुई। मंधाना ने जेमिमा रोड्रिगेज के साथ मिलकर 72 गेंदों में 64 रन जोड़े।
मंधाना ने अपना पहला टेस्ट साल 2014 में खेला था। अब तक उन्होंने 9 टेस्ट खेले हैं और इसकी 15 पारियों में 51.28 की औसत के साथ 718 रन बनाने में सफल रहीं हैं। उनके बल्ले से 4 अर्धशतक के अलावा 2 शतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 149 रन रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ इस खिलाड़ी ने 4 मैचों की 7 पारियों में 40.71 की औसत से 285 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले हैं।
हरमनप्रीत टेस्ट करियर में एक भी शतक नहीं लगा पाईं हैं। उन्होंने अपना पहला मुकाबला 2014 में खेला था। इस खिलाड़ी ने 8 मैच खेले हैं और इसकी 12 पारियों में 26.18 की औसत से 288 रन बनाने में सफल रहीं हैं। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 69 रन है। इंग्लैंड के खिलाफ 4 टेस्ट की 7 पारियों में उन्होंने 28.66 की औसत से 172 रन बनाए हैं। 58 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।
यह लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाने वाला पहला महिला टेस्ट मैच है। पुरुषों के पहले टेस्ट के 142 साल बाद इस मैदान पर महिला क्रिकेट को जगह मिली है। इंग्लैंड ने 1937 से अब तक 19 मैदानों पर 55 टेस्ट खेले थे और लॉर्ड्स उनका 20वां टेस्ट स्थल है। इंग्लैंड ने आखिरी घरेलू टेस्ट 2023 में खेला था। भारत 2024 के बाद पहला टेस्ट खेल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *