कोप्पल (कर्नाटक), कोप्पल जिले में शनिवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई और दो की हालत गंभीर है. यह दुर्घटना में कुकनूर तालुक में नेशनल हाईवे 63 पर हुई.
पुलिस के मुताबिक, हावेरी जिले के लोग ओमनी गाड़ी से आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में स्थित प्रसिद्ध तीर्थस्थल मंत्रालयम जा रहे थे. हादसा तब हुआ जब नेशनल हाईवे 63 पर दूसरी तरफ से आ रही एक लॉरी का ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वह डिवाइडर पार करके दूसरी तरफ से आ रही ओमनी गाड़ी से टकरा गई.
उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में केंचम्मा बालेकाई (35), अमृता कोटियाल (25), रमेश बेल्लारी (45) और प्रवीण बालेकाई (23) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चिन्मय (30) ने कोप्पल जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया. उन्होंने बताया कि हादसे में घायल छह अन्य लोगों को कोप्पल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो की हालत गंभीर है.
हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने हादसे पर दुख जताया और राज्य सरकार से मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की अपील की. बोम्मई वर्तमान में हावेरी से बीजेपी के सांसद हैं.
उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, कोप्पल जिले में भानापुर के पास हुए एक भयानक सड़क हादसे में मंत्रालयम जा रहे लोगों की मौत और घायल होने की खबर बहुत दुखद है. ऐसी खबरें हैं कि हावेरी जिले के रत्तीहल्ली तालुक के कुछ लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हुए हैं. मैं प्रार्थना करता हूं कि मृतकों की आत्मा को शांति मिले. भगवान उनके परिवारों को यह दुख सहने की ताकत दे. मैं सभी घायलों के जल्दी ठीक होने की कामना करता हूं.
उन्होंने आगे लिखा, राज्य सरकार को तुरंत मरने वालों के परिवारों के लिए उचित मुआवजे की घोषणा करनी चाहिए. मैं यह भी मांग करता हूं कि घायलों को सबसे अच्छा मेडिकल इलाज और सभी ज़रूरी मदद दी जाए.