जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : गढ़वाल राइफल्स के 31 सैनिकों के दल ने उत्तराखंड के चुनौतीपूर्ण माउंट माना (7,274 मीटर) के आरोहण के लिए गुरुवार को पर्वतारोहण अभियान का शुभारंभ किया। गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर, लैंसडौन के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, विशिष्ट सेवा मेडल ने फ्लैग ऑफ कर दल को अभियान के लिए रवाना किया।

लगभग एक माह तक चलने वाले अभियान के पहले चरण में पर्वतारोही दल माना क्षेत्र में आवश्यक प्रशिक्षण एवं तैयारियों से गुजरते हुए बेस कैंप की ओर बढ़ेगा। इसके बाद उच्च शिविर स्थापित कर मुख्य शिखर के आरोहण का प्रयास किया जाएगा। दल का लक्ष्य माउंट माना के शिखर पर गढ़वाल राइफल्स का रेजिमेंटल ध्वज और राष्ट्रीय तिरंगा फहराना है। अभियान के शुभारंभ अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक जागरूकता का संदेश देते हुए सेंटर कमांडेंट द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। उन्होंने पर्वतारोहियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उच्च मनोबल, अनुशासन, साहस और दृढ़ संकल्प की सराहना की। उन्होंने दल से पूर्ण समर्पण के साथ अभियान को सफल बनाने और शिखर पर तिरंगा फहराकर रेजिमेंट का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया। शिखर आरोहण के बाद दल की वापसी होगी और अभियान का समापन लैंसडौन स्थित गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर में ‘फ्लैग इन’ समारोह के साथ किया जाएगा। इस दौरान रेजिमेंट के अधिकारी, जेसीओ और अन्य सैनिक मौजूद रहे।