लखीमपुर , पढुआ थाना क्षेत्र में ढखेरवा, गजियापुर कैलाशपुरी मार्ग पर बोझिया पेट्रोल पंप के पास गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। मुंडन संस्कार के लिए जा रही लोगों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली अचानक पलट गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु मुंडन कार्यक्रम के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से बहराइच के सुजौली थाना क्षेत्र के कारीकोट देव स्थान जा रहे थे। सभी मृतक और घायल शारदानगर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। 22 घायलों में कई की हालत बेहद गंभीर है। घायलों में कई की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिनेश कुमार शर्मा सहित कई चौकी प्रभारियों के साथ भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया, ट्रैक्टर-ट्राली पर काफी लोग सवार थे। दो ट्रालियों को आपस में जोड़ा गया था। जिसकी वजह से चालक को बैलेंस करने में दिक्कत हो रही थी। एक गाड़ी के अचानक ट्रैक्टर के सामने आने से गाड़ी को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर-ट्राली खाई में गिर गई।