जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तर प्रदेश से कोटद्वार शहर में स्मैक लेकर आए एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। व्यक्ति के संपर्क में आने वाले लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
कोतवाली पुलिस ने 20 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग छ: लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह नशा कहां से लेकर आया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। दअरसल, नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में मंगलवार को कौड़िया क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध युवक घूमता दिखाई दिया। शक होने पर जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से स्मैक बरामद हुई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रमोद यादव निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।