देहरादून। टर्नर रोड पर तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। रविवार रात करीब 2:50 बजे हुए हादसे में बाइक चला रहे एमबीए छात्र की मौत हो गई। पीछे बैठा उसका दोस्त घायल हो गया। पुलिस ने गुरुवार को शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। एसओ क्लेमनटाउन मोहन सिंह ने बताया कि रविवार रात करीब 2:54 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि टर्नर रोड लेन नंबर 12 के पास एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही क्लेमनटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि सड़क पर करीब तीस मीटर स्किट होने के बाद एक केटीएम बाइक पड़ी थी और दो युवक खून से लथपथ अचेत अवस्था में गिरे हुए थे।
पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल आयुष को तुरंत कोरोनेशन अस्पताल भिजवाया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल दूसरे युवक का क्लेमनटाउन स्थित निजी अस्पताल में उपचार किया गया। मृतक की पहचान आयुष गुसाईं (23 वर्ष) पुत्र माखन सिंह के रूप में हुई। आयुष मूल रूप से बाईपास रोड, लालपानी खांड गांव, ऋषिकेश का रहने वाला था और देहरादून के ग्राफिक एरा संस्थान से एमबीए की पढ़ाई कर रहा था। वहीं, घायल युवक की पहचान तनुज मेहरा (23 वर्ष) पुत्र दलीप सिंह मेहरा के रूप में हुई है। तनुज मूल रूप से जैनोली (अल्मोड़ा) का रहने वाला है और वर्तमान में टर्नर रोड स्थित एनएसबी स्क्वायर हॉस्टल में रह रहा था। तनुज आईटी पार्क स्थित एक कॉल सेंटर में काम करता है। हादसे में घायल तनुज मेहरा ने पुलिस को बताया कि वे दोनों रात में बाइक से जा रहे थे। मोड़ पर बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और फिसलकर सड़क पर गिरी।