शहर में आज नहीं खुलेंगे मेडिकल स्टोर

Spread the love

ऋषिकेश। ऑनलाइन दवा व्यापार के खिलाफ स्थानीय दवा विक्रेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। विरोध में ऋषिकेश केमिस्ट एसोसिएशन ने प्रदेश व्यापी हड़ताल को समर्थन देने का फैसला लिया है, जिसके तहत बुधवार को ऋषिकेश क्षेत्र के सभी मेडिकल स्टोर पूरी तरह से बंद रहेंगे। मंगलवार को दूनमार्ग स्थित व्यापार सभा भवन में केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप मल्होत्रा ने अहम बैठक आयोजित की, जिसमें सदस्यों के साथ आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई। सर्वसम्मति से फैसला लिया कि नगर क्षेत्र के सभी 88 मेडिकल स्टोर हड़ताल में शामिल होंगे। स्टोर बंद कर वह धरना-प्रदर्शन भी करेंगे। संदीप मल्होत्रा ने बताया कि आकस्मिक परिस्थितियों के लिए कुछ चुनिंदा मेडिकल स्टोर खुले रखे जाएंगे, जिसमें बेहद जरूरी होने पर दवाइयां दी जाएंगी। दवा विक्रेता विनोद कोठारी ने कहा कि ऑनलाइन दवा व्यापार के कारण पारंपरिक केमिस्टों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों को परेशान करना विक्रेताओं का उद्देश्य नहीं है। सिर्फ वाजिब मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए मजबूरी में यह कदम उठाना पड़ रहा है। मौके पर वीरभद्र रतूड़ी, गोपाल नारंग, प्रेम नौटियाल, अनूप अग्रवाल, यशपाल पवार ,दिनेश कोठारी, देवेंद्र कौर, राकेश गोसाई, मायाराम पैन्यूली, राजेश रावल,दीपक भट्ट, रोहित कोठारी, कृष्ण कुमार चावला ,सौम्यक जैन, विकास उनियाल, गौरव गुप्ता आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *