जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत 29 अप्रैल (बुधवार) को विकासखंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत बंगोली में तहसीलदार जखोली की अध्यक्षता में ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करना है।
तहसीलदार जखोली कमलेश सिंह किरौला ने जानकारी देते हुए बताया कि अप्रैल माह के लिए निर्धारित रोस्टर के अनुसार वे ग्राम पंचायत बंगोली का स्थलीय भ्रमण करेंगे और ग्रामीणों के साथ बैठक करेंगे। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे से आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके। तहसीलदार ने संबंधित क्षेत्रीय राजस्व उपनिरीक्षक को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और ग्रामीणों को बैठक की सूचना देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में बैठक में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखें, ताकि उनका शीघ्र निस्तारण किया जा सके।