– दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें
देहरादून। दून समेत अन्य जिलों में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी के मद्देनजर मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के लिए हीट वेव (लू) का अलर्ट जारी किया है । विशेषज्ञों ने दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की बात कही है। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, उधम सिंह नगर, नैनीताल और उत्तरकाशी के मैदानी इलाकों में पारा 40 डिग्री और पर्वतीय क्षेत्रों में 30 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. झा ने विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। जरूरी काम होने पर सिर को छाते या सूती कपड़े से ढककर ही बाहर जाएं।दिनभर पर्याप्त पानी, नींबू पानी, छाछ और मौसमी फलों का सेवन करें। चक्कर आने, सिरदर्द, तेज बुखार या उल्टी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत अस्पताल से संपर्क करें।
आपातकाल के लिए जारी हुए हेल्पलाइन नंबर
जिला प्रशासन ने आपातकालीन परिचालन केंद्र को सक्रिय कर दिया है। किसी भी सहायता या शिकायत के लिए नागरिक हेल्पलाइन नंबर 2726066, 2626066 या व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर संपर्क कर सकते हैं।