विधायक खजानदास ने 5.80 करोड़ की पेयजल योजनाओं का भूमि पूजन किया

Spread the love

– कावली रोड सहित कई क्षेत्रों में नई पेयजल लाइनें बिछाने की शुरुआत
देहरादून। विधायक खजानदास ने आज कावली रोड समेत विधानसभा क्षेत्र की कई गलियों और मोहल्लों में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों के स्थान पर नई पाइपलाइन बिछाने के कार्यों का भूमि पूजन किया। इन योजनाओं पर कुल 5.80 करोड़ से अधिक की लागत आएगी। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा पेयजल सुधार की मांग की जा रही थी, जिसे विधायक ने जनहित में शासन से स्वीकृति दिलाकर पूरा किया। भूमिपूजन कार्यक्रम में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे हों। गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। अधिशासी अभियंता की अनुपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही न करने के निर्देश दिए। विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की स्पष्ट नीति जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण की है। मुख्यमंत्री स्वयं विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर नजर रखते हैं, जिससे योजनाएं समय पर पूरी होती हैं और सरकारी धन की बचत होती है।इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षदों, भाजपा पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय जनता ने भाग लिया। कार्यक्रम से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है क्योंकि वर्षों से लंबित पेयजल समस्या का समाधान अब संभव हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *