रामगाड़ पुल पर भारी और मालवाहक वाहनों की आवाजाही 20 जुलाई तक बंद

Spread the love

नैनीताल। बारिश के चलते भवाली- अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रामगाड़ पुल की सुरक्षा दीवार के क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने एहतियातन भारी और मालवाहक वाहनों के आवागमन पर 20 जुलाई तक 24 घंटे के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। पुल की मरम्मत पूरी होने तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। यात्री वाहन, सेना, गैस, तेल तथा अन्य आवश्यक सामग्री लेकर चलने वाले वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि प्रशासन के अनुसार 11 जुलाई को हुई भारी वर्षा के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-87 (नया 109) के किलोमीटर 31 पर स्थित रामगढ़ पुल के बाएं एबटमेंट की डाउनस्ट्रीम विंग वॉल लगभग 12 मीटर तक क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके चलते पुल की उपयोगी चौड़ाई घटकर करीब 3.50 मीटर रह गई है। ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही से पुल और एप्रोच मार्ग को और अधिक नुकसान पहुंचने की आशंका को देखते हुए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है।
डायवर्जन व्यवस्था
नैनीताल। अल्मोड़ा – रानीखेत से हल्द्वानी जाने वाले सभी भारी एवं मालवाहक वाहन हल्द्वानी जाएंगे। हल्द्वानी से अल्मोड़ा जाने वाले भारी वाहन खुटानी होकर जाएंगे जबकि अन्य मालवाहक वाहन भवाली,रामगढ़,नथुवाखा क्वारब मार्ग का उपयोग करेंगे। वहीं रानीखेत जाने वाले भारी वाहन भवाली मार्ग से गुजरेंगे। नैनीताल और ज्योलीकोट से अल्मोड़ा व रानीखेत जाने वाले सभी भारी और मालवाहक वाहन भवाली-रामगढ़ मार्ग से संचालित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *