विकास के नाम पर जनता के साथ हो रहा छलावा : नेगी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता सुरेंद्र सिंह नेगी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए भ्रष्टाचार और विकास कार्यों में अनियमितताओं के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार का कार्यकाल पूरी तरह विफल रहा है और विकास के नाम पर जनता के साथ छलावा किया जा रहा है।


देवी रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। लूटपाट और महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनाओं में बढ़ोत्तरी हुई है। वहीं, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित भाई-भतीजावाद के कारण युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार की मांग को लेकर प्रदेश का युवा लगातार सड़कों पर आंदोलन करने को मजबूर है। उन्होंने भाजपा सरकार पर दलित विरोधी मानसिकता का आरोप लगाते हुए कहा कि गत आठ अगस्त को हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद मैदान के शुद्धिकरण की घटना बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि इस तरह की मानसिकता को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। पूर्व मंत्री ने कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़कों की मरम्मत के नाम पर बिछाया गया डामर पहली ही बारिश में उखड़ गया। खोह नदी में बनाई गई बाढ़ सुरक्षा दीवारों के ढहने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि नदी पर कूड़ा निस्तारण स्थल की सुरक्षा के लिए बनाई गई दीवार भी तेज बहाव की चपेट में आ सकती है। उन्होंने महापौर से कूड़ा निस्तारण स्थल की सुरक्षा दीवार की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की। साथ ही आरोप लगाया कि क्षेत्र में विकास कार्यों के ठेके बाहरी लोगों को दिए जा रहे हैं और स्थानीय ठेकेदारों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर विकास कार्यों की गुणवत्ता पर पड़ रहा है। सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी और जरूरत पड़ने पर पार्टी इन मुद्दों को लेकर सड़कों पर संघर्ष करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *