बागेश्वर। रीमा पुलिस चौकी क्षेत्र के ठाड़ाइजर जंगल में नेपाली मूल के एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार जंगल गई महिलाओं ने युवक को पेड़ से लटका देखा और इसकी सूचना रीमा चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसओ नरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया। मृतक की पहचान 20 वर्षीय हिमाल सिंह बोहरा पुत्र दल बहादुर, निवासी मस्ता, नेपाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हिमाल बीटेक का छात्र था और तीन-चार दिन पहले अपने ताऊ के साथ यहां आया था। उसका ताऊ क्षेत्र में खड़िया लीज में ठेकेदारी का कार्य करता है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है।