जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के शुभ अवसर पर गुरूवार को द डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल, देवरामपुर, कोटद्वार की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा शिव मंदिर परिसर में पौधा रोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान एनएसएस स्वयं सेवकों, शिक्षकों ने विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती नूतन बिष्ट के निर्देशन एवं शेखर उपाध्याय के सहयोग से स्वयं सेवकों ने पीपल, अमरूद, पपीता, गुड़हल के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी शंकर बहादुर ने स्वयं सेवकों को हरेला पर्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि हरेला उत्तराखंड का हरियाली, प्रकृति संरक्षण और समृद्धि का प्रतीक लोकपर्व है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। इस मौके पर नैतिक नेगी, दिवाकर जोशी, प्रत्युष बिष्ट, प्रतिभा, शौर्य बिष्ट, शिवम बलूनी, सार्थक सहित एनएसएस स्वयं सेवक मौजूद थे।