उत्तरकाशी()। बिल्ला जरड़ा मोटर मार्ग पर संचालित हॉट मिक्स प्लांट के जहरीले धुएं से जरड़ा गांव के लोग स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने प्लांट को नियमों के विपरीत संचालित होने का आरोप लगाया है। आरोप है कि हॉट मिक्स प्लांट के धुएं से उनके क्षेत्र का पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है जिसका फसलों और चारापत्ती वाली पौधों पर भी असर पड़ रहा है। उपजिलाधिकारी बड़कोट को ग्रामीणों ने शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने हॉट मिक्स प्लांट की जांच कर उसे दूसरी जगह पर शिफ्ट करने की मांग की है। कार्यवाही नहीं होने पर ग्रामीणों ने बिल्ला के समीप यमुनोत्री हाइवे पर सांकेतिक जाम लगाकर प्रदर्शन की चेतावनी दी। काश्तकार रणजोर सिंह, प्रताप सिंह, दिवान सिंह, सोबेन्द्र सिंह, अकबर सिंह, राजवीर सिंह, अब्बल सिंह, संदीप सिंह आदि का कहना है कि हॉट मिक्स प्लांट के पास से ही जरड़ा गांव के लोगों की कृषि भूमि लगी हुई है। प्लांट से गांव की हवाई दूरी महज दो से ढाई सौ मीटर है जिससे लोगों को बीमार होने का डर सता रहा है। जहरीले धुएं से काश्तकार अपनी मवेशियों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंतित है। कुछ लोग आंखों में जलन होने की भी शिकायत कर चुके हैं। उपजिलाधिकारी बड़कोट बृजेश तिवारी का कहना है कि ग्रामीणों का शिकायती पत्र उन्हें नहीं मिला है। पत्र मिलते ही जांच कर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।