हरिद्वार(। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज के नेतृत्व में संतों ने हरिद्वार पहुंचीं राष्ट्रीय पिछड़ा आयोग की अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री महामंडलेश्वर साध्वी निरंजन ज्योति महाराज का निरंजनी अखाड़े में भव्य स्वागत किया। महामंडलेश्वर स्वामी निरंजन ज्योति ने कहा कि अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज के नेतृत्व में अगले वर्ष हरिद्वार में होने वाला कुंभ दिव्य स्वरूप में संपन्न होगा। कुंभ मेले में सभी अखाड़े और संत समाज मिलकर पूरे विश्व को आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सनातन को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। महामंडलेश्वर साध्वी निरंजन ज्योति को केंद्र सरकार में मंत्री और उसके बाद राष्ट्रीय पिछड़ा आयोग की अध्यक्ष बनाकर प्रधानमंत्री ने संत समाज को सम्मान देने काम किया है। निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज ने कहा कि साध्वी निरंजन ज्योति विद्वान संत हैं। समाज को धर्म संस्कृति के मार्ग पर अग्रसर करने के साथ मानव कल्याण में भी उनका अहम योगदान है। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी वेदांतानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महामंडलेश्वर साध्वी आत्मचेतनानंद, महामंडलेश्वर स्वामी सहजानंद पुरी, महामंडलेश्वर स्वामी मोहनानंद गिरी, महंत प्रताप पुरी, महंत सतीश वन, स्वामी मधुर वन सहित कई संत महंत शामिल रहे।