रुद्रपुर। किच्छा की एक कोरियर सर्विस से कनाडा भेजे जा रहे पार्सल में प्लास्टिक के चार स्टूल के पायों में छिपाई गई करीब 500 ग्राम अफीम दिल्ली एयरपोर्ट पर जांच के दौरान पकड़ी गई। इसके बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम सक्रिय हो गई। टीम किच्छा पहुंची और कोरियर संचालक से पूछताछ की। साथ ही पार्सल बुक कराने वाली एक युवती से भी कई घंटे तक पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले किच्छा से एक पार्सल कनाडा के लिए बुक किया गया था, जिसे दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम जांच के दौरान पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि पार्सल में रखे चार छोटे प्लास्टिक स्टूल के पायों के अंदर अफीम छिपाई गई थी। कस्टम विभाग ने मामला उत्तराखंड एनसीबी को सौंप दिया। गुरुवार शाम एनसीबी की टीम किच्छा स्थित कोरियर सेंटर पहुंची और संचालक से पूछताछ शुरू की। सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी कैमरे खंगालने व पूछताछ के दौरान पता चला कि एक सप्ताह पहले एक युवक और युवती ने चार छोटे प्लास्टिक के स्टूल एक पार्सल में रखकर कोरियर किए थे। एनसीबी की टीम ने पार्सल करने वाली युवती को सूचना दी कि आपका पार्सल वापस आ गया। जानकारी मिलते ही युवती पार्सल लेने कोरियर सेंटर पहुंच गई। इसके बाद एनसीबी की टीम ने स्थानीय पुलिस की महिला कांस्टेबल के साथ उससे कई घंटे तक पूछताछ की।नारकोटिक्स की टीम अपने गोपनीय मिशन के लिए किच्छा आई थी। स्थानीय पुलिस ने उसका सहयोग किया था।-उत्तम सिंह नेगी, एसपी सिटी