यमुनोत्री हाईवे पर जाम की समस्या से जूझ रहे यात्री

Spread the love

उत्तरकाशी। यमुनोत्री हाईवे पर पाली गाड़ से जानकीचट्टी के बीच सड़क कटिंग कार्य जारी रहने से मुसीबत बनी है। चौड़ीकरण कार्य के दौरान निकाला गया मलबा और पत्थर कई स्थानों पर सड़क किनारे पड़े हुए हैं जिससे मार्ग संकरा हो गया है। पीक यात्रा सीजन में वाहनों का दबाव बढ़ने से हाईवे पर यातायात प्रभावित हो रहा है। वाहनों की लंबी कतारें लगने से जाम की स्थिति बन रही है। प्रशासन के निर्देशों के बावजूद भी पाली गाड़ से जानकीचट्टी के बीच यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत सड़क कटिंग का कार्य जारी है। इससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माणाधीन कंपनी की लापरवाही के चलते मार्ग पर पड़े पत्थर, मलबा और कटिंग कार्य के कारण जगह-जगह जाम की स्थिति बन रही है। भाजपा नेता एवं चारधाम होटल एसोसिएशन के प्रवक्ता संदीप राणा ने मामले पर नाराजगी जताई। कहा कि पाली गाड़ से जानकीचट्टी तक ऑल वेदर सड़क योजना के अंतर्गत चौड़ीकरण कार्य कर रही निर्माण कंपनी की मनमानी का खामियाजा यमुनोत्री धाम पहुंचने वाले तीर्थ यात्रियों और स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से यात्राकाल के दौरान सड़क कटिंग कार्य रोकने के साफ निर्देश दिए गए थे।इसके बावजूद भी कार्य जारी है। मलबा व पत्थर नहीं हटाए जाने से तीर्थयात्रियों को जगह-जगह जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। संदीप राणा, तीर्थ पुरोहित मनमोहन उनियाल, होटल व्यवसायी लोकेश चौहान, सामाजिक कार्यकर्ता महावीर पंवार आदि ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेते हुए यात्राकाल में सड़क कटिंग कार्य पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की। इधर एनएच के एई अंकित नौटियाल का कहना है कि कटिंग कार्य पूर्ण बंद नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *