पुलिस ने पकड़ा 2.59 लाख का गांजा, युवक गिरफ्तार

Spread the love

अल्मोड़ा। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सल्ट थाना पुलिस और एसओजी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 10.380 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 2.59 लाख रुपये आंकी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ मिशन के तहत नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह और एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। कठपतिया तिराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल संख्या यूके19-बी-3163 को रोका। तलाशी लेने पर सवार युवक रवि धौलाखण्डी(30), निवासी ग्राम खलटा, पोस्ट मडुली, तहसील भिकियासैंण के कब्जे से 10.380 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना सल्ट में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और वाहन को सीज कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी गांजा ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था। मामले में गांजा तस्करी के स्रोतों की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई में अपर उप निरीक्षक दीवान सिंह, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल हरीश प्रसाद और कांस्टेबल हेमन्त मनराल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *