अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोडके ने सोमवार को कोतवाली रानीखेत, मजखाली और लालकुर्ती चौकी तथा फायर स्टेशन रानीखेत का औचक निरीक्षण कर पुलिस और अग्निशमन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और जनजागरूकता अभियानों को मजबूत करने के निर्देश दिए। कोतवाली रानीखेत में एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं, शिकायतों और वारंटों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण और शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने प्रभावी पुलिसिंग, सत्यापन अभियान में तेजी और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही गैर-कानूनी रूप से संचालित हो रहे होम-स्टे के विरुद्ध अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। कोतवाली परिसर में नव निर्मित भवनों, बैरकों और भोजनालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए गए। एसएसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर उनकी व्यक्तिगत, पारिवारिक और विभागीय समस्याएं सुनीं तथा उनके समाधान के निर्देश दिए। कार्यालय अभिलेखों को अद्यतन और सुव्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान आयोजित जनता दरबार में एसएसपी ने विभिन्न संगठनों और स्थानीय लोगों से संवाद किया। इस दौरान यातायात समस्या को प्रमुख मुद्दा बताया गया, जिस पर उन्होंने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। कुछ समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। उन्होंने निर्माणाधीन मजखाली चौकी भवन का भी निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की तथा तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीखेत भुवन चन्द्र जोशी, प्रभारी चौकी मजखाली रमेश नेगी, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी गणेश सिंह समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।