पुलिस ने अवैध हुक्का बार में मारा छापा

Spread the love

काशीपुर। शहर में अवैध रूप से संचालित एक हुक्का बार पर पुलिस ने छापेमारी कर संचालक समेत 21 युवकों को गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया। साथ ही मौके से हुक्के और अन्य संबंधित सामान भी कब्जे में लिया गया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम कोतवाल हरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बाजपुर रोड स्थित एक हुक्का बार पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान वहां बड़ी संख्या में युवक हुक्का पीते और हुड़दंग करते मिले। पुलिस ने मौके से 21 युवकों को हिरासत में लिया। जांच के दौरान संचालक आसिफ पुत्र शेर खान हुक्का बार संचालन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने संचालक के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई की, जबकि सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान कर लोक अवदूषण फैलाने वाले युवकों का पुलिस एक्ट में चालान किया गया।कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि मामले की विस्तृत रिपोर्ट एसडीएम को भी भेजी जाएगी ताकि आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा सके। छापेमारी में एसएसआई नवीन बुधानी, एसआई हेम तिवारी, कौशल भाकुनी, कंचन पडलिया, कांस्टेबल आदेश कुमार, गजेंद्र गिरी, महेश राम, आनंद सिंह और चेतन शामिल रहे।
नशे की ओर बढ़ रहा युवा वर्ग: पुलिस का कहना है कि शहर में संचालित हुक्का बार युवाओं को धूम्रपान और नशे की ओर आकर्षित कर रहे हैं। मनोरंजन के नाम पर शुरू होने वाली यह आदत कई युवाओं को निकोटीन की लत की ओर धकेल देती है। इसके बाद स्मैक (हेरोइन) और अन्य मादक पदार्थों के सेवन का खतरा भी बढ़ जाता है। पुलिस ने अभिभावकों, शिक्षकों और नागरिकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध नशा संबंधी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *