पुलिस का विशेष अभियान शुरू, गौवंशों के गले में लगाई रेडियम बेल्ट

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर में कलालघाटी पुलिस द्वारा निराश्रित पशुओं की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस कर्मियों ने रात में पशुओं को वाहनों की टक्कर से बचाने के लिए उनके गले में रेडियम बेल्ट लगाने का अभियान शुरू किया है। पुलिस का कहना है कि पशुओं के गले में रेडियम बेल्ट लगाने से हादसे कम होगें। कहा कि रात के समय अचानक पशु वाहन के सामने आ जाते है और फिर हादसे का शिकार हो जाते है।
चौकी इंचार्ज राजा राम डोभाल ने बताया कि पिछले कुछ माह में वाहन सवारों के निराश्रित गौवंशों से टक्कर लग कर घायल होने के कई मामले सामने आए हैं। ऐसी दुर्घटनाओं पर रोक लगाना के उद्वेश्य से कलालघाटी पुलिस द्वारा भाबर क्षेत्र के हल्दूखाता, मिलनचौक, जशोधरपुर, किशनपुर आदि अलग-अलग जगहों पर 30 से अधिक निराश्रित पशुओं के गले में रेडियम बेल्ट लगाई गई। कहा कि रेडियम बेल्ट लगाने का मुख्य उद्देश्य निराश्रित पशुओं को रात के समय वाहनों की टक्कर से बचाना है। चौकी इंचार्ज के नेतृत्व में चलाए इस अभियान में कांस्टेबल रविंद्र भट्ट, अनिल राणा मौजूद रहे। संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह रावत, पार्षद मनीष नैथानी, रजनीश बेबनी, जेपी बहुखंडी, राजेंद्र बिष्ट, आकांक्षा रावत ने पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान की सराहना की है। कहा कि रात के समय में पशु सड़कों पर घूमते हैं अचानक से गाड़ी चालकों के सामने आ जाते हैं तो फिर हादसे का शिकार होते हैं। रेडियम बेल्ट का फायदा यह होगा कि अंधेरे में गाड़ी चालक को पशुओं को देखने में मदद होगी और हादसों पर रोक लगेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *