नई दिल्ली , बीती रात रीवा-मिर्जापुर हाईवे पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी में हुए दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों समेत 12 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस वक्त हादसा हुआ तभी से कार में सवार लोग चीखने-चिल्लाने लगे थे। फिर तेज धमाके के साथ स्विफ्ट कार और बोलेरो में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि जब तक हम लोग बचाने की कवायद शुरू करते तब तक कार में बैठे लोगों की चीखने की आवाजें थम गईं।
गुरुवार की सुबह सभी 11 लोगों की लाशों का पोस्टमार्टम शुरू हुआ। एक-एक कर गठरी में रखे शवों को बाहर निकाला गया। जब बच्चों की लाशें निकलीं तो पोस्टमार्टम हाउस के बाहर खड़े लोगों की भी आंखें नम हो गईं। आग में जलने से अधिकांश शव के कुछ अंश ही बचे हुए थे। वहीं, अजीज खान (46) की भी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
रीवा-मिर्जापुर हाईवे पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी में बुधवार की रात करीब आठ बजे भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रक, ट्रेलर, स्विफ्ट कार और बोलेरो की आपस में टक्कर के बाद बोलेरो में आग लग गई, जिससे उसमें सवार नौ लोग जिंदा जल गए। इसके अलावा स्विफ्ट कार चालक और ट्रक के खलासी की भी मौत हो गई। हादसे के बाद घाटी क्षेत्र में अफरातफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, ड्रमंडगंज घाटी में गिट्टी लदा ट्रेलर नीचे उतर रहा था। उसके पीछे स्विफ्ट कार चल रही थी, जबकि कार के पीछे दाल लदा ट्रक और उसके पीछे बोलेरो वाहन आ रहा था। इसी दौरान दाल लदे ट्रक का अचानक ब्रेक फेल हो गया और उसने आगे चल रही स्विफ्ट कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही स्विफ्ट कार आगे ट्रेलर से जा भिड़ी। वहीं पीछे से आ रही बोलेरो भी अनियंत्रित होकर ट्रक में टकरा गई