मानसून की पहली ही बौछार में ही बह गई एनएच श्रीनगर की तैयारी

Spread the love

नई टिहरी। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड श्रीनगर की लापरवाही नई टिहरी-भागीरथीपुरम मोटर मार्ग की व्यवस्थाओं पर भारी पड़ रही है। सड़क किनारे बनी नालियों की सफाई नहीं होने से बारिश का पानी मुसीबत बनता जा रहा है। जगह-जगह नालियां बंद होने से बारिश का पानी सड़क पर बह रहा है। सड़क किनारे स्थित घरों और दुकानों में पानी घुस रहा है।नई टिहरी से भागीरथीपुरम तक लगभग 15 किमी इस मोटर मार्ग पर बारिश के पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। नई टिहरी से भागीरथीपुरम तक कई स्थानों पर नालियों में मलबा और गाद जमा होने से बारिश का पानी सड़क पर उतर रहा है। ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त नहीं होने के कारण जगह-जगह जमा होकर मलबा साथ ला रहा है। इससे सड़क पर कीचड़ और मलबा फैलने से वाहन चालकों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।पागरखाल और चौकलियाचैक में गदेरों से आया मलबा सड़क पर जमा पड़ा है। जिससे सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात शुरू होने से पहले यदि नालियों की सफाई कर ली जाती तो ऐसी नौबत नहीं आती। अब बारिश का पानी नालियों से निकासी न मिलने पर सीधे सड़क पर बह रहा है, जिससे सड़क के किनारे बने पुश्ते और सुरक्षा दीवारें भी कमजोर पड़ने लगी है। सड़क किनारे जमा मलबे के कारण संकरी हो रही सड़क पर वाहनों की आवाजाही जोखिमभरी होती जा रही है।
नई टिहरी-भागीरथीपुरम मोटर मार्ग पर बंद नालियों की जल्द सफाई कराई जाएगी। जहां नालियां क्षतिग्रस्त हैं वहां मरम्मत कार्य भी शुरू किया जाएगा ताकि बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था सुचारु हो सके। – राजवीर सिंह चौहान, ईई, राजमार्ग खंड श्रीनगर

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *