केंद्रीय गृह सचिव की प्रस्तावित यात्रा को लेकर रुद्रनाथ ट्रैक रूट की तैयारियां तेज

Spread the love

18 मई को खुलेंगे रुद्रनाथ जी के कपाट, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयारियां तेज
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : अगले माह प्रस्तावित केंद्रीय गृह सचिव की रुद्रनाथ यात्रा एवं श्री रुद्रनाथ जी यात्रा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं एवं केंद्रीय गृह सचिव भ्रमण के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर पेयजल, शौचालय, आवास, बिजली, सुरक्षा रेलिंग तथा बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जहां आवश्यकता हो, वहां रेलिंग लगाई जाए और यात्रियों के विश्राम के लिए उपयुक्त स्थान विकसित किए जाएं। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाओं का पूर्व में ही स्थलीय निरीक्षण कर लिया जाए। वन विभाग को भी यात्रा मार्ग पर आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ रखने, पेयजल निगम को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, उरेड़ा को विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा ईडीसी और मंदिर समिति को अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में मंदिर समिति के सदस्यों ने और ईडीसी कमेटी गंगोल गांव के अध्यक्ष राम सिंह राणा ने भी यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव साझा किए, जिन पर सकारात्मक रूप से विचार किया गया। गौरतलब है कि 18 मई 2026 को श्री रुद्रनाथ जी के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। साथ ही, प्रस्तावित केंद्रीय गृह सचिव की यात्रा को देखते हुए प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां तेजी से की जाएगी, ताकि यात्रा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, डीएफओ सर्वेश दुबे, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ सहित मंदिर समिति एवं ईडीसी कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *