मजदूर दिवस पर पांच किग्रा गैस के दामों में 228 रुपये की बढ़ोतरी

Spread the love

रुद्रपुर। शुक्रवार को कमर्शियल गैस के दामों में भारी बढ़ोतरी से महंगाई की मार आम जनता को झेलनी पड़ेगी। 19 किग्रा का कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 2168 से बढ़कर 3161.50 रुपये हो गए। वहीं पांच किग्रा का सिलेंडर 600 से बढ़कर 828 रुपये का हो गया। पिछले माह उद्योगों में गैस 115.71 रुपये से बढ़कर 167.97 रुपये हो गई है। हालांकि, घरेलू गैस सिलेंडर के दाम यथावत रखे गए हैं। मजदूर दिवस पर उपभोक्ताओं को महंगाई का बड़ा झटका लगा है। मजदूर जो 5 किग्रा का सिलेंडर खरीदकर अपने लिए भोजन तैयार करते हैं उनके पांच किग्रा का सिलेंडर अब 600 रुपये के बजाय 828 रुपये का मिलने लगा है।फैक्ट्रियों की कैंटीनों में भी खाने के दामों में बढ़ोतरी तय है। 19 किग्रा के कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 993.50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी हो गयी है। इससे बाजार में तैयार खाना व रेंस्टोरेंट, फास्ट फूड, मिठाइयों के दामों में बढ़ोतरी तय मानी जा रही है। कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी से आम जनता के साथ-साथ होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ना तय है। इधर, उद्योगों को दी जाने वाली एलपीजी गैस के दामों में पहले ही भारी बढ़ोतरी हो चुकी है। सितारगंज सिडकुल इंडस्ट्रीज वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण सत्यवली ने बताया कि उद्योगों को एलपीजी गैस 115.71 रुपये प्रति किग्रा थी। जो बढ़कर 167.97 रुपये प्रति किग्रा हो गई। करीब 52.26 रुपये प्रति किग्रा की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि सितारगंज के उद्योगों की उत्पादन लागत बढ़ना तय है। एसोसिएशन के महासचिव दुर्गश मोहन ने बताया कि पिछले माह से गैस के दामों में भारी बढ़ोतरी से उत्पादन लागत काफी बढ़ गई है। ऐसे में उद्योगों को संचालित करने व प्रतिस्पर्द्धा काफी कठिन हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *