Uncategorized

पूर्व प्रधान के भाई की हत्या की घटना का पुलिस ने किया पर्दाफाश

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

रुड़की। खुब्बनपुर गांव में पूर्व प्रधान के भाई बालेश की हत्या मृतक की पत्नी ने प्रेमी और बेटे के साथ मिलकर की थी। हत्या के बाद उन्होंने शव को गांव के बाहर खेत में फेंका था। इस मामले में पुलिस ने मां-बेटे और प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। सिविल लाइंस कोतवाली में शुक्रवार को एसएसपी ने घटना का पर्दाफाश किया।
पत्रकारों से बातचीत में एसएसपी सेंथिल अवूदई कृष्ण राज एस ने बताया कि गुरुवार सुबह खुब्बनपुर गांव के पूर्व प्रधान ब्रहमपाल के बड़े भाई बालेश का शव गांव के पास खेत से बरामद हुआ था। बालेश का गला दबाने के बाद रेता गया था। पुलिस ने जांच पड़ताल की तो पता चला कि बालेश की पत्नी बबली सिकंदरपुर स्थित एक फैक्ट्री में काम करती है। फैक्ट्री में काम करने वाले लाल सिंह निवासी बडेढ़ी बुजुर्ग थाना भगवानपुर से उसके अवैध संबंध हैं। इन्हीं अवैध संबंधों के चलते पति-पत्नी में झगड़ा होता था। इसी जांच के आधार पर थाना प्रभारी संजीव थपलियाल ने पुलिस टीम के साथ बबली से पूछताछ की तो उसने सच उगल दिया। एसएसपी ने बताया कि पति से छुटकारा पाने के लिए बबली ने लाल सिंह के साथ मिलकर बुधवार रात पति की हत्या की। योजना के मुताबिक लाल सिंह ने नींद की 20 गोलियां खरीदकर बबली को दी। बबली ने रात को नींद की दस गोलियां पीसकर दूध में मिलाकर पति को दीं। पति के बेसुध होने पर लाल सिंह वहां पर पहुंचा और दोनों ने मिलकर बालेश की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद बबली ने बेटे अरुण के साथ मिलकर शव को एक बोरे में डालकर बाइक से खेत में फेंक दिया। पुलिस ने उसके बेटे अरुण और प्रेमी लाल सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। एसएसपी ने पुलिस टीम को ढाई हजार के इनाम की घोषणा की है। इस मौके पर एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह, सीओ रुड़की चंदन सिंह और सीओ मंगलौर अभय कुमार सिंह मौजूद रहे।
झांसा देकर बेटे को मिलाया था साथ
एसएसपी ने बताया कि बबली का आए दिन पति से झगड़ा होता था। इसके चलते ही उसने प्रेमी के साथ मिलकर योजना बनाई थी। बेटे को उसने बताया था कि पति पर किसी बुरी आत्मा का साया है। इसलिए वह झगड़ा करता है। घर बचाने के लिए उसे मौत के घाट उतारना होगा। इस तरह से उसने बेटे अरुण को साथ मिलाया था।
प्रेमी के साथ पति का शव जंगल में फेंकने के बाद लाल सिंह घर चला गया था। वहीं, बबली को यह डर सताने लगा कि कहीं पति जिदा न हो। इसी आशंका में वह बेटे को लेकर फिर से खेत पर पहुंची। यहां पर दोनों ने दरांती से बालेश का गला रेत दिया। इसके बाद वह घर आ गई। पुलिस ने दरांती भी बरामद कर ली।
जांच से खुली अवैध संबंधों की पोल
पुलिस ने जब सिकंदरपुर स्थित फैक्ट्री में जाकर बबली के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि एक सहकर्मी लाल सिंह से उसके अवैध संबंध हैं। यहीं से पुलिस को हत्या की गुत्थी सुलझाने में मदद मिली। महिला का बेटा अरुण एक अन्य फैक्ट्री में नौकरी करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!