बेस चिकित्सालय की स्वास्थ्य सुविधाओं पर उठाए सवाल, जल्द सुधार की मांग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बेरोजगार महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष राम कंडवाल ने राजकीय बेस चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चिंता जताते हुए व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार की मांग की है। कहा कि सुविधाओं के अभाव में बेस अस्पताल केवल रेफर सेंटर बनकर रह गया है। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ नहीं मिल पा रहा है।
सोमवार को देवी रोड स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए राम कंडवाल ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि अस्पताल में कई आवश्यक सुविधाएं संसाधनों के अभाव और स्टाफ की कमी से प्रभावित हो रही हैं, जिसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। राम कंडवाल ने आरोप लगाया कि चिकित्सालय में पुरानी एक्सरे मशीन के सहारे काम चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीटी स्कैन और एमआरआई मशीनों की उपयोग अवधि भी जल्द पूरी होने वाली है। उनके अनुसार, इस संबंध में अस्पताल प्रशासन ने क्षेत्रीय विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण को अवगत कराया है, लेकिन नई मशीनों की व्यवस्था को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन 600 से 700 मरीज उपचार के लिए बेस चिकित्सालय पहुंचते हैं, लेकिन सीमित संसाधनों और अव्यवस्थित स्वास्थ्य सेवाओं के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका दावा है कि अस्पताल में स्वीकृत पदों के मुकाबले चिकित्सकों की संख्या कम है। एक्सरे तकनीशियन के पांच स्वीकृत पद होने के बावजूद केवल एक तकनीशियन के भरोसे पूरी व्यवस्था संचालित की जा रही है। इसके अलावा उन्होंने आईसीयू के संचालन को लेकर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वहां मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं उपलब्ध नहीं हैं। राम कंडवाल ने क्षेत्रीय विधायक पर स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति उदासीन रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर शीघ्र कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से अस्पताल में आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने, रिक्त पदों पर नियुक्तियां करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग की। पत्रकार वार्ता में शिवानंद लखेड़ा और महिमा डोबरियाल भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *