जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : समाज को नशा मुक्त के प्रति जागरूक करने के लिए राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी स्वयं नशे से दूर रहकर बेहतर भविष्य पर ध्यान देने का संकल्प लिया। कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है।
सोमवार को ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य प्रो. डीएस नेगी ने विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलवाई। कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। यदि युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाएं, तो विकसित भारत का सपना तेजी से साकार हो सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशामुक्ति का संदेश अपने परिवार, मित्रों और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मीनाक्षी वर्मा ने नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कहा कि जागरूकता ही इस समस्या से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।