राज्य स्थापना दिवस की लॉटरी में स्थानीय उत्पाद बनेंगे पुरस्कार

उत्तरकाशी। राज्य स्थापना दिवस पर उत्तरकाशी में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन ने पहल की है।
आयोजन में होने वाली लॉटरी के पुरस्कारों में स्थानीय उत्पाद शामिल किए जाएंगे। इसके लिए करीब 36 समूहों से उनकी उपलब्धता और बिक्री क्षमता के अनुसार उत्पाद खरीदे जाएंगे। इससे स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और उत्पादकों की आय बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। रीप के परियोजना प्रबंधक कपिल उपाध्याय ने बताया कि लॉटरी के पुरस्कारों में मसाले, आटा, मंडुवा, झंगोरा, दालें, अचार सहित समूहों की ओर से तैयार किए जाने वाले अन्य उत्पाद शामिल किए जाएंगे। खरीद के लिए कोई निश्चित राशि निर्धारित नहीं की गई है। समूहों के पास उपलब्ध उत्पादों और वे जितनी मात्रा में बेच सकते हैं उसी के अनुसार खरीद की जाएगी। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ आयोजन को आकर्षक बनाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी प्रस्तावित है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी जुड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *