बड़कोट। यमुनोत्री हाईवे पर पौल गांव से सिलक्यारा तक निर्माणाधीन सुरंग के बड़कोट छोर पर क्षेत्र के आराध्य देव बाबा बौखनाग का मंदिर बनाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। यमुनोत्री धाम के प्रवेश द्वार बड़कोट में सुरंग के मुहाने पर मंदिर बनने से स्थानीय लोगों की आस्था को सम्मान मिलने के साथ ही यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी बाबा के दर्शन का अवसर मिल सकेगा। क्षेत्रवासियों का मानना है कि सुरंग निर्माण से बड़कोट की अहमियत और बढ़ेगी। ऐसे में पौल गांव के समीप प्रवेश द्वार पर बाबा बौखनाग का मंदिर स्थापित होने से क्षेत्र की धार्मिक पहचान को नई मजबूती मिल सकती है। चारधाम यात्रा के दौरान इस मार्ग से गुजरने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह स्थल आस्था का केंद्र बन सकता है। इसी मांग को लेकर ग्राम भाटिया, बड़कोट स्थित बाबा बौखनाग देव समिति ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपा है।
समिति ने सुरंग के प्रवेश द्वार पर मंदिर निर्माण के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया। समिति के अनुसार, मुख्यमंत्री ने इस संबंध में पर्यटन विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।