रामलीला में वनवास लीला का भावपूर्ण मंचन

राम के वन गमन और दशरथ के विलाप ने दर्शकों को किया भावुक
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सनेह क्षेत्र के अंतर्गत कुंभीचौड़ चौराहा स्थित मंच पर आयोजित रामलीला के चौथे दिन सोमवार रात वनवास लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। कैकेयी के दो वरदान मांगने से लेकर भगवान श्रीराम के वन गमन तक के प्रसंगों का कलाकारों ने सजीव अभिनय कर दर्शकों को भावुक कर दिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बाल रामलीला कमेटी के अध्यक्ष संजय सिंह रावत, मनकामेश्वर कीर्तन मंडली और विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया। मंचन के दौरान रानी कैकेयी ने राजा दशरथ से अपने दो पुराने वरदान मांगते हुए श्रीराम के लिए 14 वर्ष का वनवास और भरत के लिए राजगद्दी की मांग रखी। कैकेयी की इस मांग से राजा दशरथ गहरे शोक में डूब गए। पुत्र मोह और वचनबद्धता के बीच फंसे दशरथ का व्याकुल होकर मूर्छित होना और विलाप करना दर्शकों के लिए भावुक क्षण रहा। इसके बाद भगवान श्रीराम ने माता सीता और लक्ष्मण के साथ वन जाने का निर्णय लिया। तीनों ने माताओं से आशीर्वाद लेकर अयोध्या से प्रस्थान किया। वहीं, सुमंत को साथ भेजकर श्रीराम को वापस लाने का राजा दशरथ का प्रयास भी मंचन का प्रमुख आकर्षण रहा। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष जगमोहन सिंह रावत, उपाध्यक्ष दीपक पांडे, सचिव अरुण बहुगुणा, मनीष रावत, सतीश चंद्र, गजेंद्र बिष्ट और सत्येंद्र रावत सहित कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *