राष्ट्रीय स्तर पर फुटबाल में दमखम दिखाएंगे कोटद्वार के राघव

एसजीएफआई की अंडर-14 प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन, सीबीएसई का करेंगे प्रतिनिधित्व
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार के झंडीचौड़ निवासी युवा फुटबाल खिलाड़ी राघव नेगी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। एमिनिटी पब्लिक स्कूल के छात्र और कार्बेट एफसी के खिलाड़ी राघव का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इंडिया (एसजीएफआई) की अंडर-14 फुटबाल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वह प्रतियोगिता में सीबीएसई का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 17 नवंबर तक मध्य प्रदेश के छतरपुर में किया जाएगा।


राघव इससे पहले सुब्रतो कप फुटबाल प्रतियोगिता में भी सीबीएसई का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वह कार्बेट एफसी से जुड़कर कोच सांगे शेरपा के मार्गदर्शन में फुटबाल का प्रशिक्षण ले रहे हैं। लगातार बेहतर प्रदर्शन और खेल के प्रति समर्पण के चलते उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में जगह बनाई है। राघव के पिता अरुण नेगी गढ़वाल राइफल्स में हेड कोच हैं, जबकि माता सुनीता नेगी अध्यापिका हैं। खेल और शिक्षा से जुड़े परिवार में पले-बढ़े राघव को बचपन से ही अनुशासन, मेहनत और समर्पण की प्रेरणा मिली है। राघव के चयन पर क्षेत्रवासियों और खेल प्रेमियों ने खुशी जताते हुए उनके बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *