जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मौसम खराब होने के कारण कांग्रेस नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का कोटद्वार दौरा स्थगित हो गया। ऐसे में पिछले कई दिनों से स्वागत की तैयारी में जुटे कांग्रेसियों में मायूसी देखने को मिली। हालांकि, राहुल गांधी के दौरे को लेकर प्रशासन ने कोटद्वार में पूरी तैयारी कर ली थी।
कुमांऊ क्षेत्र में मौसम खराब होने के कारण राहुल गांधी ने अल्मोड़ा व पौड़ी में आयोजित जनसभाओं को वर्चुअल संबोधित किया। पौड़ी में सभा को संबोधित करने के बाद राहुल गांधी ने कोटद्वार में दीपक कुमार उर्फ मोहम्मद दीपक से मिलने के लिए भी पहुंचना था। लेकिन, मौसम खराब होने के कारण यह दौरे रद्दे हो गए। दरअसल, बीती 26 जनवरी को नगर में एक दुकान के नाम को लेकर हुए विवाद के दौरान जिम संचालक दीपक कुमार ने स्वयं को मोहम्मद दीपक बताया। सोशल मीडिया में यह वीडियो वायरल हुआ तो नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मोहम्मद दीपक से दिल्ली में मुलाकात की और उन्हें जल्द ही कोटद्वार आकर जिम की सदस्यता लेने का आश्वासन दिया था। इसी के तहत राहुल गांधी ने कोटद्वार आना था।
बॉक्स समाचार
राहुल के आने से कांग्रेस को नुकसान या फायदा
दरअसल, कोटद्वार व पहाड़ी क्षेत्र में हिंदू वोटर अधिक है। ऐसे में क्षेत्र के अधिकांश लोग मोहम्मद दीपक के साथ खड़े नजर नहीं आ रहे थे। ऐसे में यदि राहुल गांधी कोटद्वार में मोहम्मद दीपक से मिलते तो इससे कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव में नुकसान हो सकता था। हालांकि, कोटद्वार से सटे बिजनौर सहित उत्तर प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में कांग्रेस को इसका फायदा मिलता। क्योंकि इन क्षेत्रों में मुस्लिम वोटरों की संख्या काफी अधिक है।