Uncategorized

राम मंदिर निर्माण को देश भर में राम भक्तों से सहयोग लिया जाएगा

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

देहरादून। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर बनने वाले भव्य राम मंदिर के लिए देश भर में राम भक्तों से सहयोग लिया जाएगा। विश्व हिन्दू परिषद इसके लिए सहयोग जुटाने के लिए घर-घर जाएंगे। प्रेस क्लब में हुई प्रेसवार्ता में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निधि समर्पण अभियान की घोषणा करते हुए विश्व हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विजय शंकर तिवारी ने कहा कि मकर संक्रांति 15 जनवरी से 27 फरवरी तक चलने वाले इस अभियान में विहिप कार्यकर्ता उत्तराखंड के 14 हजार 526 गांव व 73 नगरों के 24 लाख परिवारों से सम्पर्क कर श्रीराम जन्मभूमि से सीधे जोड़कर रामत्व का प्रसार करेंगे। देश की हर जाति, मत, पंथ, सम्प्रदाय, क्षेत्र, भाषा के लोगों के सहयोग से राम मंदिर को राष्ट्र मंदिर के रूप में निर्मित किया जाएगा। राम भक्तों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि प्रत्येक राम भक्त से रामकाज के लिए बढ़ चढ़कर आगे आने का आह्वान किया जा रहा है। इसके लिए निधि दानी के साथ ही समय दानी की भी आवश्यकता है। कहा कि भगवान श्रीराम की जन्मभूमि को प्राप्त कर देश के सम्मान की रक्षा को पांच सदियों का संघर्ष किया गया है। मंदिर से जुड़ी इतिहास की सच्चाईयों को सर्वोच्च अदालत ने भी स्वीकार कर न्यास की घोषणा की। प्रधानमंत्री मोदी ने पांच अगस्त को मंदिर निर्माण की पूजा की थी। तिवारी ने बताया कि मंदिर निर्माण की तैयारी तेजी से चल रही है। मुबंई, दिल्ली, चेन्नई, गुवाहाटी के आईआईटी, सीबीआरआई रुड़की, लार्सन एंड टूब्रो, टाटा के विशेषज्ञ इंजीनियर मंदिर की मजबूत नींव की ड्राइंग पर परामर्श कर रहे हैं। जल्द ही प्रारुप सामने होगा। पूरा मंदिर पत्थर से निर्मित होगा। प्रत्येक मंजिल की ऊचांई 20 फीट, लम्बाई 360 फीट, चौड़ाई 235 फीट है। इसमें लोहे का इस्तेमाल नहीं होगा। कहा कि देश की वर्तमान पीढ़ी को मंदिर के इतिहास की जानकारी दी जाएगी। लोगों की इच्छा के अनुरुप मंदिर निर्माण शीघ्र पूरा किया जाएगा।
रणदीप पोखरिया को उत्तराखंड की जिम्मेदारी: प्रेसवार्ता में रणदीप पोखरिया को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण समिति उत्तराखंड का मंत्री बनाने की अधिकारिक घोषणा भी की गई। इस दौरान विहिप उत्तराखंड के कार्यकारी अध्यक्ष रविदेव आनंद, सह प्रांत संगठन मंत्री अजय, आरएसएस के क्षेत्र कार्यवाह शशिकांत दीक्षित, प्रांत प्रचारक युद्धवीर, सह प्रांत प्रचार प्रमुख संजय कुमार, समिति के प्रांत प्रचार प्रमुख हिमांशु अग्रवाल भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!