जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : भक्तदर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल में नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता पखवाड़ा के तहत मंगलवार को रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा गंगा एवं जल स्रोतों के प्रति जागरूकता की भावना विकसित करना रहा।

रंगोली प्रतियोगिता में महाविद्यालय की कुल पांच टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने रंगों एवं रचनात्मकता के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण से संबंधित विभिन्न संदेशों को आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में टीम सी प्रियांशी एवं प्रिंसी ने प्रथम, टीम डी यशोदा एवं सलोनी ने द्वितीय, टीम अमीषा, मीनाक्षी एवं आलोक बड़थ्वाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर रंगोली प्रतियोगिता संयोजक डॉ0 शिप्रा ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनकी सृजनात्मक क्षमता को भी विकसित करती हैं। नमामि गंगे कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. अजय रावत ने विद्यार्थियों से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस मौके पर डॉ. सत्यनन्दन भगत, डॉ. उमेश ध्यानी, डॉ. अर्चना नौटियाल, डॉ. ऊषा सिंह, डॉ. मानसी वत्स, डॉ. दुर्गा रजक, डॉ. अभिषेक कुकरेती, डॉ. वसीम अहमद आदि मौजूद रहे।