जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोतवाली पुलिस ने बोहरा ग्रामीण विकास निधि लिमिटेड के माध्यम से आमजन के साथ धोखाधड़ी करने वाले और एक साल से फरार चल रहे ईनामी आरोपी को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में पौड़ी जेल भेज दिया है। इस मामले में पुलिस अब तक मुख्य आरोपी सहित छ: आरोपियों को जेल भेज चुकी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 सितंबर 2024 को स्थानीय निवासी वादिनी यास्मीन द्वारा कोतवाली में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया। जिसमें उन्होंने बताया कि बोहरा कंपनी के निदेशक के कहने पर उन्होंने माह सितम्बर 2023 से सितम्बर 2024 तक कंपनी में एक वर्ष की अवधि हेतु खाता खोलकर सौ रूपये प्रतिदिन के हिसाब से कुल 36,500 रूपये जमा किए। निर्धारित समय पूर्ण होने के पश्चात भी कंपनी द्वारा ब्याज सहित धनराशि वापस नहीं की गई तथा कंपनी के संचालक कार्यालय बंद कर फरार हो गए। इस पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज जांच शुरू कर दी। मामले की जांच करते हुए पुलिस मुख्य आरोपी दिलीप सिंह बोहरा तथा उसके चार सहयोगियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस मामले में एक आरोपी प्यारेराम एक साल से फरार चल रहा था, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी द्वारा 2500 रूपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण व प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं सर्विलांस की सहायता से आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए आरोपी प्यारे राम पुत्र छोटेराम, हाल निवासी माजरी लालतप्पड़, डोईवाला देहरादून को रविवार को गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारशुदा आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।