जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के डॉ. बीजीआर परिसर में सोमवार को नांदी फाउंडेशन की ओर से एम्प्लायबिलिटी स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग प्रोग्राम का शुभारंभ किया गया। इस दौरान नांदी फाउंडेशन के ट्रेनर हर्षवर्धन सैनी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्देश्यों और युवाओं के लिए इसकी उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में परिसर निदेशक प्रो. उमेश चंद्र गैरोला ने कहा कि किसी भी नए कौशल को सीखने के लिए मजबूत इच्छाशक्ति बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि सीखने की प्रक्रिया आजीवन चलने वाली होती है, जिससे व्यक्ति निरंतर प्रगति करता है। समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. किरन बाला ने कहा कि वर्तमान समय में स्किल डेवलपमेंट अत्यंत आवश्यक हो गया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में भी कौशल आधारित शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ल्हामु टीशेरिंग दुकपा ने किया। कार्यक्रम में प्रो. एससी गैरोला, प्रो. एमसी पुरोहित, प्रो. रेखा नैथानी, डॉ. पूनम बिष्ट, डॉ. जया उनियाल, डॉ. धारणा, डॉ. ममता आनंद, डॉ. स्वाति आदि मौजूद रहे।