कोटद्वार-पौड़ी

कोटद्वार को बनाएंगे स्मार्ट सिटी : ऋतु भूषण खंडूड़ी

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

कोटद्वार विधानसभा

कोटद्वार विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी ऋतु भूषण खंडूड़ी ने रखा विकास का विजन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भारतीय जनता पार्टी की कोटद्वार विधानसभा सीट से प्रत्याशी ऋतु भूषण खंडूड़ी ने कहा कि वह कोटद्वार के विकास को लेकर पूरी तरह से तैयार हैं और विधायक बनते ही सबसे पहले वह कोटद्वार को स्मार्ट सिटी के रूप में तब्दील करेंगी। यह बात उन्होंने प्रत्याशी घोषित होने के बाद पहली बार पत्रकारों से रूबरू होते हुए कही।
नजीबाबाद रोड स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता में कोटद्वार विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी ऋतु भूषण खंडूड़ी ने कहा कि उनके पिता भुवन चंद्र खंडूड़ी ने भी कोटद्वार समेत प्रदेश में विकास के कई आयाम स्थापित किए। उन्हीं के पद चिह्नों पर चलकर वह भी कोटद्वार को विकास की दौड़़ में सबसे आगे लेकर जाना चाहती हैं। कहा कि यमकेश्वर में विधायक रहते हुए उन्होंने वह सभी कार्य किए, जिन्हें उन्होंने अपने दृष्टि पत्र में रखा था। यमकेश्वर में हुए विकास कार्यों को लेकर उन्होंने अपणु यमकेश्वर के नाम से एक रिपोर्ट भी तैयार की है। अब कोटद्वार के विकास को लेकर भी वह जो वायदे कर रही हैं, उन्हें जरूर पूरा करेंगी। उन्होंने कहा कि जब उन्हें भाजपा हाईकमान ने कोटद्वार विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने को कहा तो उन्हें गौरव की अनुभूति हुई। अब वह भाजपा समेत जनता की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए जीत दर्ज करेंगी और क्षेत्र का विकास करेंगी।

ऋतु भूषण खंडूड़ी इस तरह करेंगी कोटद्वार का विकास
1- कोटद्वार भरत नगरी है और अभी यह नगरी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान नहीं बना पाई है। सबसे पहले यहां टूरिज्म के नजरिये से विकास किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार मिल सके और कोटद्वार को विदेशों तक पहचान मिल सके।
2- कूड़ा निस्तारण कोटद्वार की एक बड़ी समस्या है। यहां इंदौर की तर्ज पर कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था की जाएगी।
3- कोटद्वार में केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए कार्य किया जाएगा।
4- कोटद्वार को जिला बनाने के लिए पूरी कोशिश करेंगे। इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती के साथ रखा जाएगा।
5- क्षेत्र में आवारा पशुओं की बहुत बड़ी समस्या है। यहां आवारा पशुओं के लिए गोशाला तो बनाई गई हैं, लेकिन अभी तक उनका उचित संचालन शुरू नहीं हो पाया है। इस समस्या के निस्तारण के लिए भी कार्य किया जाएगा।
6- कोटद्वार की नदियों में रिवर फ्रंट के लिए कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही बाड़ सुरक्षा के कार्यों को भी प्रमुखता दी जाएगी।
7- सिगड्डी में फैक्ट्रियां कैसे आएं, उन्हें क्या सुविधाएं देनी चाहिए। इसे लेकर फैक्ट्री संचालकों से वार्ता की जाएगी और उसी के अनुसार कार्य किया जाएगा। जिससे क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मिल सके।
8- महिलाओं को समूह के माध्यम से सशक्त बनाने के लिए कार्य किया जाएगा।
9- नौकरियों की तैयारी कर रहे बच्चों के लिए मुफ्त कोचिंग सेंटर खोले जाएंगे।
10- क्षेत्र में एक भी सीएनजी पंप नहीं है। इसे लेकर कार्य किया जाएगा।
11- कोटद्वार में उच्च शिक्षा को मजबूत करने के लिए यहां लॉ, इंजीनियरिंग कॉलेज खोले जाएंगे।
12- कोटद्वार में बस अड्डा की बहुत बड़ी समस्या है। यहां एक शानदार बस अड्डा तैयार किया जाएगा। साथ ही मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण किया जाएगा।
13- कोटद्वार में सार्वजनिक शौचालयों की हालत बहुत खराब है। इसके लिए भी कार्य किए जाएंगे।
14- कोटद्वार में महिला थाने का निर्माण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!