संजय रावत को मिला राष्ट्रपति पदक, बढ़ाया गौरव

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि
कोटद्वार : सतपुली तहसील के अंतर्गत ग्राम सतपाली निवासी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के सेवानिवृत्त सहायक कमांडेंट संजय कुमार रावत को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया है। वर्तमान में वह नई दिल्ली स्थित मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। संजय रावत की इस उपलब्धि से उनके परिजनों सहित गांव और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
नई दिल्ली के शौर्य, बसंत कुंज में आयोजित सम्मान समारोह में सीबीआई निदेशक प्रवीण सूद ने राष्ट्रपति की ओर से संजय कुमार रावत को पदक प्रदान किया। सीआरपीएफ में अपने सेवाकाल के दौरान संजय रावत ने कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उनकी कार्यशैली और सेवा भावना के चलते उन्हें एक समर्पित अधिकारी के रूप में पहचान मिली। संजय रावत की उत्कृष्ट सेवाओं और विभाग के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए जनवरी 2025 में उनका चयन राष्ट्रपति पदक के लिए किया गया था। सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्होंने कहा कि पौड़ी जिले के एक छोटे से गांव से निकलकर इस मुकाम तक पहुंचना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि जीवन में कई सम्मान मिले हैं, लेकिन राष्ट्रपति पदक मिलना उनके लिए सबसे विशेष उपलब्धि है। संजय रावत की इस उपलब्धि पर ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। लोगों ने कहा कि उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और उन्होंने अपने गांव व क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *