शिव महापुराण कथा का भंडारे के साथ हुआ समापन, गूंजे भोलेनाथ के जयकारे

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : निंबूचौड़ में आयोजित नौ दिवसीय शिव महापुराण कथा का बुधवार को विधिवत समापन भंडारे के साथ हुआ। समापन अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और भगवान शिव से अपने परिवार, समाज एवं देश में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
कथा के अंतिम दिन आचार्य राकेश चंद्र लखेड़ा ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि शिव महापुराण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सत्य, सेवा, संयम और सदाचार का मार्ग दिखाने वाला दिव्य मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की आराधना से मनुष्य के समस्त कष्ट दूर होते हैं तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। आचार्य लखेड़ा ने श्रद्धालुओं से अपने जीवन में धर्म, संस्कार और मानवीय मूल्यों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि शिव भक्ति व्यक्ति को अहंकार, क्रोध और लोभ जैसी बुराइयों से दूर रखती है तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारे की भावना को सुदृढ़ बनाती है। समापन अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, महापौर हेमलता नेगी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख गीता नेगी, सुरेश कुकरेती, रीना देवरानी, इंदु नौटियाल, हिम्मत सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *