आंगन मिलन में महिलाओं और बच्चों को किया सम्मानित
जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत राजकीय पॉलिटेक्निक सतपुली में रंगोली प्रतियोगिता एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में सुजल और साहिल ने प्रथम, निकिता असवाल और शीतल ने द्वितीय, मन्दीप प्रकाश और तान्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सांत्वना पुरस्कार वंश धस्माना और ध्रुव लखेड़ा को दिया गया। वहीं चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन कार्यक्रम का शुभारंभ कर महिलाओं और बच्चों को सम्मानित किया गया।

राजकीय पॉलिटेक्निक सतपुली में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने ‘विकसित भारत-विकसित उत्तराखंड’ विषय पर रंगोली बनाकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्र पंचायत सदस्य चमोली गांव यशराज रावत, विशिष्ट अतिथि युवा मोर्चा भाजपा के मंडल महामंत्री आयुष डोबरियाल रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों ने नशा मुक्ति की शपथ ली। साथ ही नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। इसी क्रम में सेवा संकल्प अभियान के तहत चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में आंगन मिलन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में शीला, नैणी, कोटली, पाटली और चमोलीसैण क्षेत्र की महिलाओं तथा गर्भवती महिलाओं का सम्मान किया गया। बच्चों को फल वितरित कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पुष्पा असवाल ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं और बच्चों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़कर जागरूकता और सहयोग की भावना को मजबूत किया जा रहा है। इस अवसर पर महिला मोर्चा की मालती जुयाल, रेनू घिडियाल, गंगा खंतवाल, ममता ध्यानी, ममता रावत, परमेश्वरी डोभाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।