हल्द्वानी। कोतवाली क्षेत्र के तीनपानी इलाके में पारिवारिक विवाद साइबर उत्पीड़न और धमकी तक पहुंच गया।
एक महिला ने अपनी देवरानी पर इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर उसकी और नाबालिग बेटी की तस्वीरों व वीडियो के साथ अश्लील सामग्री प्रसारित करने का आरोप लगाया है। मामले में कोर्ट के आदेश पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी गाजियाबाद निवासी देवरानी ने उसके और उसकी नाबालिग पुत्री यानी भतीजी के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी तैयार की। आरोप है कि उस आईडी से वीडियो अपलोड कर उनमें अश्लील गाने और आपत्तिजनक टिप्पणियां जोड़कर प्रसारित किए हैं।
मोबाइल पर जान से मारने की धमकी
विरोध करने पर देवरानी और उसकी सास ने मोबाइल पर जान से मारने और दुर्घटना कराने की धमकी दी। प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया कि इसी वर्ष तीन जनवरी को देवरानी ने घर में घुसकर ईंट से हमला कर घायल करने का प्रयास किया।
पीड़िता का कहना है कि पुलिस से कई बार शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसे अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। कोर्ट के निर्देश पर अब पुलिस ने प्राथमिकी पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।